संविधान क्या है?
संविधान देश की सर्वोच्च विधि होती है जिससे पूरा देश शासित होता है। यह एक पवित्र दस्तावेज है, जिसे परिभाषाओं की सीमा में नहीं बाँधा जा सकता है। इसे
देश की सर्वोत्तम, सर्वोच्च एवं आधारभूत विधि कहा जा सकता है। यही वह दस्तावेज है जो राज्य के
समस्त अंगों (विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका) को शक्तियाँ प्रदान करता है। इन तीनों अंगों
को संविधान की मर्यादाओं में रह कर अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करना होता है। इसे आसानी से बदला
भी नहीं जा सकता।
प्रोफेसर ए० वी० डायसी के अनुसार-
"किसी समाज की सरकार का प्ररूप अथवा ढाँचा ही उस समाज एवं सरकार का
संविधान होता है। संविधान ही राज्य अथवा राजनीतिक समाज में शक्तियों के वितरण का
विनिश्चय करता है और सम्प्रभु शक्ति का प्रयोग करता है।"
वेड और फिलिप्स ने संविधान की परिभाषा देते हुए कहा है-
"संविधान एक विशेष वैधानिक मान्यता, विश्वसनीयता एवं पवित्रता लिये हुए ऐसा
दस्तावेज होता है जो राज्य की सरकार के अंगों के प्रमुख कार्यों का ढाँचा तैयार करता है
और इन अंगों की कार्य-प्रणाली के सिद्धान्तों का निर्धारण करता है।'
डॉ० भीमराव अम्बेडकर ने संविधान की सुन्दरतम परिभाषा की है। उनके अनुसार-
"संविधान एक मौलिक दस्तावेज है। यह एक ऐसा दस्तावेज है जो राज्य के तीनों अंगों अर्थात्- विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका की स्थिति एवं शक्तियों को स्पष्ट
करता है। यह केवल राज्य के अंगों का सृजन ही नहीं करता अपितु उनके प्राधिकार को
परिसीमित करते हुए उन्हें निरंकुश एवं तानाशाह होने से रोकता है।"
इन सभी परिभाषाओं का मिला-जुला प्रभाव यह है कि-
(i) संविधान एक मौलिक दस्तावेज होता है।
(ii) इसे देश की सर्वोच्च एवं सर्वोत्तम विधि माना जाता है।
(iii) यह एक विशेष वैधानिक मान्यता, विश्वसनीयता एवं पवित्रता लिये होता है।
(iv) यह राज्य के विभिन्न अंगों का सृजन करता है।
(v) यह विभिन्न अंगों की शक्तियों का निर्धारण करता है।
(vi) यह राज्य के अंगों के प्राधिकार को मर्यादित कर उन्हें निरंकुश एवं तानाशाह होने से
रोकता है।
(vii) यह सरकार के सभी अंगों की कार्य-प्रणाली के सिद्धान्तों को विनिशि्चित करता है।
(viii) यह सम्प्रभु शक्ति का प्रयोग करता है।
(ix) इसे आसानी से नहीं बदला जा सकता है।
अन्त में यह कहा जा सकता है कि "संविधान देश की जनता की आशाओं एवं आकांक्षाओं
का पुञ्ज होता है।"
संविधान क्या है
मेरे अनुसार:-
संविधान एक वह सर्वोच्च विधि है जिसके द्वारा किसी देश की शासन व्यवस्था को सुनियोजित एवं सुनिश्चित ढंग से चलाया जाता हो
Nice
जवाब देंहटाएंThanks
जवाब देंहटाएं